कोठी–शारदा माता मंदिर सड़क के खस्ताहाल। संवाद
चढ़ियार (कांगड़ा)। कोठी पंचायत के अंतर्गत कोठी से शारदा माता मंदिर तक जाने वाले सड़क मार्ग की जर्जर हालत को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष है। वंडियां-चंबा घाट-संसाई मुख्य सड़क का हिस्सा होने के बावजूद लंबे समय से इसकी मरम्मत नहीं की गई है, जिससे तीन से चार पंचायतों के ग्रामीणों को रोजाना परेशान होना पड़ रहा है।
बरसात शुरू होने के साथ ही ग्रामीणों की मुश्किलें और अधिक बढ़ गई हैं। सड़क पूरी तरह बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे कई स्थानों पर वाहन चलाना तो दूर, लोगों का पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों को डर है कि तेज बरसात में सड़क पर पानी का बहाव बढ़ने से यह पूरी तरह नाले का रूप अख्तियार कर लेगी। स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस समस्या से विभाग को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों राजेंद्र सिंह कटोच, कुलदीप कटोच, संजय कटोच, रसील सिंह राणा, वकील सिंह राणा, राकेश रांगड़ा और वार्ड पंच अंजू देवी आदि ने सड़क की तत्काल मरम्मत करने तथा जल निकासी के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द काम शुरू नहीं हुआ, तो वे आंदोलन को मजबूर होंगे।
उधर, पीडब्लूडी बैजनाथ के अधिशासी अभियंता (एक्सएन) अजय सूद ने बताया कि कोठी-शारदा माता मंदिर सड़क की हालत को जल्द ही दुरुस्त कर दिया जाएगा, ताकि ग्रामीणों की आवाजाही सुगम हो सके।