कोटला (कांगड़ा)। वन मंडल नूरपुर के तहत बीट टटल में वन विभाग और पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए एक घर और गोशाला से अवैध रूप से रखी खैर की लकड़ी बरामद की है। टीम ने जवाली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत बेही पठियार के गांव ककडो़ह में पुख्ता सूचना के आधार पर हरनाम सिंह के घर पर छापा मारा। इस दौरान विभाग ने घर के अंदर से सामान रखने वाली बड़ी-बड़ी पेटियों और ड्रम में से खैर की लकड़ी के छिले हुए बड़ी मात्रा में मोछे बरामद किए। इसके अलावा गोशाला के अंदर और इसकी छत पर रखी लकड़ी भी कब्जे में ली। मौके पर मौजूद वन विभाग के रेंज ऑफिसर जगजीत चावला ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि गांव ककडो़ह में हरनाम सिंह के घर पर खैर की अवैध लकड़ी का बड़ा जखीरा रखा हुआ है। इसकी सूचना वन मंडल अधिकारी को दी और उन्होंने तुरंत सर्च वारंट जारी कर दिया। सर्च वारंट के आधार पर विभागीय टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घर और गोशाला की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान खैर की अलग-अलग साइज की लकड़ी मिली। इसमें दो खैरवुड, 94 खैर हार्डवुड, पांच बाग चिप्स, 25 खैर के ठूंठ और कटान के लिए प्रयोग होने वाले औजार बरामद कर अपने कब्जे में लिए। पुलिस और वन विभाग की ओर से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।