ढलियारा में खड्ड कॉलेज की विजेता टीम को सम्मानित करते सुरेंद्र मनकोटिया। -संवाद
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। राजकीय महाविद्यालय ढलियारा में चार दिवसीय अंतर महाविद्यालय फुटबाल प्रतियोगिताओं का शुक्रवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में पेनल्टी शूटआउट में खड्ड कॉलेज की टीम ने ऊना कॉलेज की टीम को 4-0 शिकस्त दी। दूसरी बार खड्ड कॉलेज प्रतियोगिता का विजेता बना है। समापन पर कर्मचारी कल्याण बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष सुरेंद्र मनकोटिया मुख्यातिथि रहे।
प्रो. सुशील भारद्वाज ने कहा कि शुक्रवार को दो सेमीफाइनल मुकाबले हुए। इसमें खड्ड कॉलेज ने सोलन को 1-0 और ऊना कॉलेज ने एमसीएम डीएवी कांगड़ा को 3-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला ऊना और खड्ड कॉलेज के बीच हुआ। प्रतियोगिता के सबसे रोमांचक इस मुकाबले में खड्ड कॉलेज ने ऊना की टीम को करारी शिकस्त दी। प्रतियोगिता में एमसीएम डीएवी कांगड़ा की टीम तीसरे स्थान पर रही।
कर्मचारी कल्याण बोर्ड के पूर्व चेयरमेन सुरेंद्र मनकोटिया ने कहा कि वह भी ढलियारा कॉलेज के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना से प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल समूहिक प्रतियोगिता है। इससे एकजुटता और समूह में काम करने को बल मिलता है।