धर्मशाला। यूट्यूब पर वीडियो को लाइक करने के काम में कांगड़ा निवासी ने अपने 12.23 लाख रुपये शातिरों के हाथों लुटा दिए। शातिरों ने पीड़ित को इंस्टाग्राम पर घर बैठे नौकरी करने का मैसेज भेजा था। कांगड़ा निवासी ने घर बैठे कमाई के लालच में यह राशि गंवाई है। अपने साथ ठगी का एहसास होने के बाद पीड़ित ने साइबर पुलिस थाना धर्मशाला में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवा दिया है।
जानकारी के अनुसार कांगड़ा निवासी एक युवक को फेसबुक पर घर बैठे पैसे कमाने का विज्ञापन दिखाई दिया। इस विज्ञापन पर रुचि दिखाते हुए पीड़ित ने उस पर क्लिक कर दिया। इसके बाद शातिरों ने उसे इंस्टाग्राम पर एड कर दिया और उसे यूट्यूब पर वीडियो को लाइक करने का काम दिया। इस दौरान शातिरों ने पीड़ित को एक-दो बार कुछ राशि भी दी। बाद में इस राशि को निकालने के लिए शातिर पीड़ित पर और राशि डालने को कहते गए और उसने करीब 22-23 अलग-अलग ट्रांजेक्शन से 12,23,125 रुपये शातिरों के खाते में डाल दिए। पीड़ित की ओर से कमाई गई राशि को शातिर उसे ऑनलाइन तो दिखाते रहे, लेकिन उसे निकालने के लिए उससे पैसों की मांग करते रहे। बाद में थक-हार कर पीड़ित ने साइबर पुलिस थाना में मामला दर्ज करवाया।
अनजान लिंक पर न करें क्लिक : एएसपी
इस संदर्भ में साइबर पुलिस थाना धर्मशाला के एएसपी प्रवीण धीमान ने बताया कि कांगड़ा निवासी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे पैसों के लेन-देन से संबंधित किसी भी लिंक पर क्लिक न करें।