सुआं में विकास कार्यो को लोकार्पण करते हुए आयुष मंत्री यादविंद्र गोमास्त्रोत जागरूक पाठक
जयसिंहपुर/जालग (कांगड़ा)। आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल तथा कानून मंत्री यादविंद्र गोमा ने शुक्रवार को जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुआं में लगभग 26 लाख रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन किया। उन्होंने इन भवनों को जनता को समर्पित करते हुए कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सरकार की मुख्य प्राथमिकता है।
मंत्री ने सुआं में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों के लिए 20 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित आवासीय भवन का लोकार्पण किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने 3 लाख रुपये की लागत से बने महिला मंडल भवन चमेडू और 3 लाख रुपये की लागत वाले सामुदायिक केंद्र सुआं के भवन का भी उद्घाटन किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए यादविंद्र गोमा ने कहा कि सुआं-भौडी सड़क की टारिंग का कार्य जल्द पूरा होगा और सुभाष नगर से सपेडू सड़क की टारिंग पर लगभग 90 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे। उन्होंने युवाओं के लिए सुआं में खेल मैदान निर्माण हेतु 3 लाख रुपये और जरेड़ महिला मंडल के लिए 1 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही सुआं चौक पर सुरक्षा हेतु हाई मास्क लाइट लगाने का आश्वासन दिया और अधिकारियों को जल भंडारण टैंक के विस्तार के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. ब्रज नंदन शर्मा, बीडीओ सिकंदर कुमार, अधिशाषी अभियंता विजय वर्मा और कांग्रेस नेता ओपी धीमान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।