शिमला में मुख्यमंत्री को हल भेंट करते कांग्रेस के विधायक । -स्रोत : विभाग
शिमला। कांगड़ा जिले के कांग्रेस विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार के नेतृत्व में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को हल भेंट किया। उन्होंने वर्ष 2026-27 के बजट में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती और दिशा देने वाले दूरदर्शी, जनोन्मुखी तथा परिवर्तनकारी प्रावधानों के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
विधायकों ने कहा कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार सरकार ने अपने वित्तीय संसाधनों को गांवों, गरीबों और किसानों के कल्याण के लिए प्राथमिकता दी है। सरकार ने गाय के दूध का खरीद मूल्य बढ़ाकर 61 रुपये प्रति लीटर तथा भैंस के दूध का मूल्य 71 रुपये प्रति लीटर कर दिया है। प्राकृतिक रूप से उगाए गए गेहूं और जौ का न्यूनतम समर्थन मूल्य 80 रुपये प्रति किलोग्राम, मक्का का 50 रुपये प्रति किलोग्राम तथा हल्दी का 150 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित किया गया है, जबकि अदरक को पहली बार न्यूनतम समर्थन मूल्य के दायरे में लाकर 30 रुपये प्रति किलोग्राम तय किया गया है। इस अवसर पर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया सहित विधायक किशोरी लाल, आशीष बुटेल, संजय रत्तन, मलेंद्र राजन, कमलेश ठाकुर और संजय अवस्थी भी उपस्थित थे।