दिल्ली में भाजपा की जीत पर लगड़ू में पवन राणा की मां को लड्डू अर्पित करते कार्यकर्ता। -स्रोत :
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत में राज्य संगठन महामंत्री पवन राणा ने सूत्रधार की भूमिका निभाई। 27 साल बाद बाद भाजपा को दिल्ली में प्रचंड बहुमत मिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सब की निगाहें दिल्ली विधानसभा चुनाव पर टिकी थीं।
दिल्ली में जीत के बाद पवन राणा के पैतृक गांव लगड़ू (ज्वालामुखी) में कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। भाजपा समर्थकों ने पवन राणा के घर पहुंचकर उनकी मां की फोटो पर मिठाई अर्पित की, जिसके बाद गांव में लड्डू बांटकर जीत का जश्न मनाया। इस दौरान राजकुमार सरोत्रा, अजय राणा खुंडियां, मनोज, सुशांत अग्रवाल, विशाल, रोहित राणा, नरेश, लकी राणा, पुष्पेंद्र, अश्वनी कुमार, किशन शर्मा और विजेंद्र धीमान समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता को उम्मीद थी कि पवन राणा की मेहनत से इस बार भाजपा की दिल्ली चुनाव में वापसी होगी और आज परिणाम भी वैसे रहे। यह चुनाव पवन राणा के लिए भी किसी परीक्षा से कम नहीं था। पवन राणा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक रहे हैं और वर्तमान में भाजपा दिल्ली प्रदेश के संगठन महामंत्री हैं। उन्होंने झुग्गी-झोपड़ी सम्मेलन, ऑटो चालक सम्मेलन और पन्ना प्रमुख सम्मेलनों के जरिए हर वर्ग को भाजपा के साथ जोड़ा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे भाजपा की जीत संभव हुई।
उन्होंने कहा कि दिल्ली चुनाव में कांगड़ा जिले के कई भाजपा नेताओं की भी ड्यूटी लगाई गई थी, जिन्होंने चुनावी रणनीति को सफल बनाने में योगदान दिया।