कांगड़ा जिले में पुलिस थाना इंदौरा के अंतर्गत बैरियर चौक के समीप वीरवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। युवक के बाजू में सिरिंज लगी होने के कारण नशीले पदार्थ की ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में पुलिस थाना इंदौरा के अंतर्गत बैरियर चौक के समीप वीरवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। युवक के बाजू में सिरिंज लगी होने के कारण नशीले पदार्थ की ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान शुभम (30) पुत्र सोम राज निवासी वार्ड-5, चनौर तहसील इंदौरा के रूप में हुई है।
विज्ञापन
वीरवार सुबह स्थानीय लोगों ने युवक का शव देखा।
उसके शरीर के ऊपरी हिस्से पर कपड़े नहीं थे। सूचना मिलने के बाद डीएसपी संजीव कुमार यादव, थाना प्रभारी आशीष पठानिया टीम सहित मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से उसका मोबाइल फोन और पंजाब नंबर की स्कूटी भी जांच के लिए कब्जे में ली है। शुभम महाविद्यालय इंदौरा के समीप गन्ने का रस बेचकर परिवार का पालन-पोषण करता था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि शुभम घटनास्थल तक कैसे पहुंचा।
उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति था या नहीं और उसने किस प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन किया था। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। शुभम विवाहित था और उसके परिवार में पत्नी और करीब तीन वर्षीय बेटा है। एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि होगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।