नूरपुर (कांगड़ा)। कोरोना महामारी के बीच बुधवार को उपमंडल नूरपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जम्मू-कश्मीर राज्य में काम करने वाला हिमाचल का एक युवक पैदल चलकर ही कंडवाल बैरियर पर पहुंच गया। यहां पहुंचते ही युवक ने अपने आप को कोरोना संक्रमित बताया। इस बात की जानकारी मिलते ही बैरियर पर मौजूद कर्मचारी सतर्क हो गए और इस बात की सूचना एसडीएम नूरपुर को दी। युवक पालमपुर के नजदीक थुरल का रहने वाला है और जम्मू में काम करता है। इस युवक का कोरोना टेस्ट लखनपुर बैरियर पर लिया गया, वहां इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। हैरानी की बात यह थी कि संक्रमित होने के बावजूद युवक पैदल ही कंडवाल बैरियर तक पहुंच गया। बता दें कि लखनपुर जम्मू पंजाब की सीमा पर है और यहां से कंडवाल बैरियर लगभग 40 किलोमीटर दूर है। लखनपुर से आगे कोई सहायता नहीं मिलने पर युवक पैदल ही कंडवाल पहुंच गया। एसडीएम नूरपुर डॉ सुरेंद्र ठाकुर को जब इस बात की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत युवक को खाने के साथ जरूरी दवाइयां दीं। साथ ही नूरपुर मिनी सचिवालय से किसी स्वयंसेवी की गाड़ी में उक्त युवक को उसके घर थुरल पहुंचाया। इस बारे में संबंधित एसडीएम को भी फोन पर युवक बारे सूचित किया गया।