जालग (कांगड़ा)। टंबर पंचायत के भगूं गांव की कल्पना का चयन कल्पना चावला उत्कृष्ट छात्रवृत्ति योजना के लिए हुआ है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी मेधावी सूची में स्थान बनाकर उन्होंने क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
इस योजना के तहत प्रदेशभर के 12वीं कक्षा के शीर्ष 2,000 मेधावियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रतिवर्ष 18 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। इनमें कला संकाय के 850 विद्यार्थी शामिल हैं।
कल्पना ने 12वीं तक की पढ़ाई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टंबर से पूरी की है। वर्तमान में वह कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर से बीए कर रही हैं। इससे पहले आठवीं कक्षा में उन्होंने एनएमएमएस परीक्षा पास की थी। इसके तहत उन्हें चार वर्षों तक प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये छात्रवृत्ति मिली थी।
कल्पना के पिता शक्ति चंद टैक्सी चालक हैं और माता कमला देवी गृहिणी हैं। कल्पना ने कहा कि वह इस राशि का उपयोग उच्च शिक्षा के लिए करेंगी। संवाद