इंदौरा (कांगड़ा)। उपमंडल के गांव उलेहड़ियां और पंजाब के सीमावर्ती गांव पंडोरी के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय छिंज मेले का आयोजन वीरवार से किया जाएगा। छिंज कमेटी के प्रधान विनोद शर्मा ने बताया कि चार सितंबर को मेले के अंतिम दिन पूर्व निर्धारित कुश्ती मुकाबले करवाए जाएंगे। इस बार मेले में पहली बार विदेशी पहलवान जोंटी, अली ईरानी और होदी ईरान दांव-पेच का प्रदर्शन करेंगे।
मेले का मुख्य मुकाबला सिकंदर शेख और ठाकर पहलवान के बीच होगा। इसके लिए 2,11,000 रुपये की इनामी राशि तय की गई है। दूसरा बड़ा मुकाबला जोंटी और अली ईरान के बीच, तीसरा सोनीपत के विजय व होदी ईरान तथा चौथा मुकाबला पठानकोट के मुकेश और हामिद के बीच खेला जाएगा। विजेताओं को नकद राशि व आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर उपप्रधान जयदीप सिंह, अनिल कुमार, सुखराज, जोगिंद्र सिंह, राम, राणा, दर्शन मन्हास और कुलबिंद्र सहित कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे। संवाद