जोलसप्पड़ में कैंसर अस्पताल और सुपरस्पेशलिटी अस्पताल के निर्माण के लिए प्रस्तावित साइट का निरीक
रंगस (हमीरपुर)। जोलसप्पड़ में प्रस्तावित कैंसर अस्पताल और सुपरस्पेशलिटी अस्पताल के निर्माण कार्य में जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जाइका) सहयोग कर रही है। मंगलवार को जाइका की छह सदस्यीय टीम ने प्रस्तावित साइट का निरीक्षण किया और दोनों अस्पतालों के लिए तैयार नक्शों का अवलोकन किया।
जाइका की ओर से तैयार नक्शों के अनुरूप ही इन अत्याधुनिक स्वास्थ्य संस्थानों का निर्माण किया जाएगा। टीम ने निर्माण से जुड़े तकनीकी सुझाव भी दिए। इन अस्पतालों में मरीजों को विश्व स्तरीय उपचार सुविधाएं उपलब्ध करवाने का दावा किया जा रहा है।
कैंसर अस्पताल के निर्माण के लिए 95 करोड़ रुपये की राशि पहले ही जारी की जा चुकी है। निरीक्षण टीम में चार सदस्य जापान से और दो सदस्य प्रदेश स्वास्थ्य विभाग से शामिल रहे। इस दौरान मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
डॉ. रमेश भारती ने बताया कि जाइका टीम द्वारा दिए गए सुझावों के आधार पर निर्माण कार्य किया जाएगा और इसे समयबद्ध तरीके से पूरा करने का प्रयास रहेगा, ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।