धर्मशाला। सिद्धपुर क्षेत्र में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। यह वारदात 27 से 29 जून के बीच हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता डॉ. अंजलि श्रीकांत चाभाण (निवासी वार्ड-17, सिद्धपुर) ने बताया कि 27 से 29 जून के बीच जब उनका घर बंद था, तब किसी अज्ञात व्यक्ति ने अंदर घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर और लगभग आठ हजार रुपये की नकदी उड़ा ले गए हैं।
शिकायत मिलने के बाद धर्मशाला पुलिस थाना की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। इसके साथ ही चोरों का सुराग लगाने के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही अन्य तकनीकी पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है।