ज्वालामुखी (कांगड़ा)। पुलिस थाना ज्वालामुखी के अंतर्गत गुम्मर में चोरों ने सेवानिवृत्त आयकर अधिकारी के बंद मकान को निशाना बनाकर करीब 14 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 20 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली।
चोर मकान के पिछले दरवाजे से अंदर घुसे और दो लोहे की अलमारियों के ताले तोड़कर सामान ले गए। शिकायत मिलने पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गुम्मर निवासी जगदीश चंद पुत्र बीरबल राम ने बताया कि वह अपनी पत्नी उर्मिला के साथ 8 अक्तूबर को अपने पैतृक गांव टांगर, तहसील बड़सर, जिला हमीरपुर गए थे। इस दौरान घर पर ताला लगा हुआ था। वापस लौटने पर मकान के पिछले हिस्से का दरवाजा खुला मिला।
अंदर जाकर देखा तो कमरे में रखी दो लोहे की अलमारियों के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर अलमारियों में रखे सोने-चांदी के आभूषण और करीब 20 हजार रुपये की नकदी गायब मिली।
शिकायत के अनुसार चोर दो सोने की नथ, दो टीके, एक मंगलसूत्र, टॉप्स और झुमकों के चार सेट, चार अंगूठियां, दो सोने की चेन, एक सोने का कड़ा और गले के सोने के दो सेट ले गए। इसके अलावा चांदी के दो गिलास और 10 चांदी के सिक्के भी चोरी हुए हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार चोरी हुए सामान की कीमत करीब 14 लाख रुपये है।
एसपी देहरा संदीप धवल ने बताया कि पुलिस चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाने और आरोपियों का सुराग लगाने में जुटी है। क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।