जालग (कांगड़ा)। बक्शी प्रताप सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चढ़ियार में चल रही जिला स्तरीय अंडर-19 छात्राओं की तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता में शनिवार को सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में जिले के 15 जोन से करीब 540 छात्राएं भाग ले रही हैं।
वॉलीबाल के सेमीफाइनल में जवाली ने धर्मशाला और ज्वालामुखी ने बैजनाथ को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल रविवार सुबह जवाली और ज्वालामुखी के बीच होगा। कबड्डी में जवाली ने ज्वालामुखी और फतेहपुर ने सुलह को हराकर फाइनल में जगह बनाई। कबड्डी का फाइनल जवाली और फतेहपुर के बीच खेला जाएगा।
खो-खो में शाहपुर और नगरोटा बगवां के बीच सेमीफाइनल मुकाबला हुआ। कुश्ती के मुकाबले भी संपन्न हो गए हैं, जिनके परिणाम रविवार को घोषित किए जाएंगे। प्रतियोगिता का समापन रविवार को राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा करेंगे।