मिनी हरिद्वार जवाली में समाजसेवी जसवंत गुलेरिया टमक बजा कर मेले का आगाज करते हुए। संवाद
जवाली (कांगड़ा)। मिनी हरिद्वार जवाली में आयोजित होने वाले दो दिवसीय जिला स्तरीय बैसाखी मेले का आगाज सोमवार को टमक की थाप के साथ हुआ। उद्घाटन कार्यक्रम में समाजसेवी जसवंत गुलेरिया और कैलाश भारती मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मेला कमेटी अध्यक्ष राजिंद्र राजू ने जानकारी दी कि 13 अप्रैल को बैसाख संक्रांति के अवसर पर महास्नान का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
शाम को सांस्कृतिक संध्या में कलाकार ईशांत भारद्वाज अपनी प्रस्तुति से लोगों का मनोरंजन करेंगे। 14 अप्रैल को जिला स्तरीय दंगल का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध गायक ‘नाटी किंग’ कुलदीप शर्मा रंग जमाएंगे। मेला को सफल बनाने के लिए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है और विभिन्न कमेटियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।