जसूर (कांगड़ा)। नगर परिषद नूरपुर करीब 75 लाख रुपये के बकाया बिजली बिल के कारण वित्तीय संकट में घिर गई है। यह भारी-भरकम राशि मुख्य रूप से शहर में लगी स्ट्रीट लाइटों की बिजली खपत से जुड़ी है। इसका एक बड़ा हिस्सा पूर्व नगर परिषद के समय से लंबित चला आ रहा है।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड ने नगर परिषद को नोटिस जारी कर 15 दिनों के भीतर इस बकाया राशि को जमा कराने के कड़े निर्देश दिए हैं। बोर्ड ने साफ किया है कि यदि तय समय में भुगतान नहीं हुआ तो नियमानुसार स्ट्रीट लाइटों की बिजली आपूर्ति काट दी जाएगी। ऐसा होने पर नूरपुर शहर की रात्रिकालीन रोशनी, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था चरमराने की आशंका है।
सूत्रों के मुताबिक, पूर्व कार्यकाल में वित्तीय संसाधनों की कमी के चलते बिलों का नियमित भुगतान नहीं हो पाया था, जिससे यह आंकड़ा 75 लाख तक पहुंच गया। अब इस भारी राशि का निपटारा करना नई परिषद के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। स्थानीय स्तर पर भी इस मुद्दे को लेकर खासी चर्चा है।
लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान न होने के कारण विभाग ने नियमानुसार नोटिस जारी किया है। यदि निर्धारित अवधि के भीतर बकाया राशि जमा नहीं की जाती है तो बिजली बोर्ड आगे की उचित कार्रवाई करने के लिए विवश होगा। -विकास ठाकुर, अधिशासी अभियंता, विद्युत बोर्ड नूरपुर
बकाया राशि के भुगतान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभाग को जल्द ही पहली किस्त जारी कर दी जाएगी, ताकि शहर की बिजली आपूर्ति प्रभावित न हो और इस समस्या का स्थाई समाधान निकाला जा सके। -आरएस वर्मा, प्रशासनिक अधिकारी, नगर परिषद नूरपुर