राजा का तालाब (कांगड़ा)। प्रदेश के प्रमुख दंगलों में विशेष स्थान रखने वाला भाटी पीर राजा का तालाब का वार्षिक छिंज मेला रविवार रात 10 बजे संपन्न हो गया। दंगल में पशु पालन और कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार मुख्यातिथि के रूप में शामिल हुए। इसमें जस्सा पट्टी ने 2.91 लाख रुपये की बड़ी माली दिल्ली के पहलवान मोनू दहिया को हराकर
अपने नाम की। इससे पहले छिंज का आकर्षण विशेष रूप से निकाली इसकी शोभा यात्रा रही। इसमें लोगों ने नाच-गाकर फूलों की बारिश करते हुए विशाल रथ में रखी मूर्तियों के साथ शोभायात्रा निकालकर क्षेत्र को रंगीन मय बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। दूर दराज के विभिन्न क्षेत्रों से आई भारी भीड़ को देखते हुए प्रबंधक कमेटी ने कस्बा राजा का तालाब में छह स्थानों पर विशाल एलईडी स्क्रीन लगाकर दर्शकों को निराश नहीं होने दिया। छिंज मेले में इराक, ईरान, जर्जिया के विदेशी पहलवान और देश के विभिन्न राज्यों महाराष्ट्र, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, जम्मू कश्मीर, राजस्थान, हिमाचल के कई नामी गिरामी अखाड़ों के पहलवानों ने अपनी कुश्ती के जौहर दिखाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर प्रबंधक कमेटी प्रधान पुनीत टिंकू, चेयपर्सन रामनाथ शर्मा, शिवदेव शिवू, पवन राणा, मंगू पहलवान, विकास बंटी, अमन महाजन, विकास मनू, मिंटू और परमिंदर चंकी ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई।
ईरान से भी पहुंचे पहलवान
छिंज मेले में महाराष्ट्र के नामी पहलवान महिंद्र गायकवाड़ ने गहरी छाप छोड़ी जबकि ईरान के पहलवान मिर्जा और हामिद लोगों का मनोरंजन करने में सफल रहे। पहलवान कीर्ति और कालू बाड़ोवल, भूपिंद्र अजनाला, कमलजीत धूमछेड़ी, प्रवीण कोहली, अजय बारन, रवि बेहरा, सतवीर महाराष्ट्र, बाबा फरीद दीनानगर, प्रदीप जीरकपुर, प्रवीण और धर्मेंद्र कोहाली की कुश्तियां दर्शकों को रोमांचित कर गईं।
दो लाख की माली गायकवाड़ ने जीती
दो लाख एक हजार की माली में कुश्ती महिंद्र गायकवाड़ महाराष्ट्र और दिनेश गुलिया के बीच हुई। इसमें महिंद्र गायकवाड़ विजेता रहा। तीसरी माली में भूपिंद्र अजनाला ने पुष्पिंद्र आलमगीर को हराया। चौथी माली में कमलजीत धूमछेड़ी और टेडो जर्जिया मुकाबला बराबर रहा। पांचवीं माली में रवि बोहरा दिल्ली ने ईरान के पहलवान अमीर मोहम्मद को हराया।