धर्मशाला। विधानसभा क्षेत्र बैजनाथ के लोगों के लिए खुशखबरी है। जलशक्ति विभाग (जेएसवी) को अब आधुनिक सुविधाओं से लैस नया भवन मिलने जा रहा है। 2 अक्तूबर को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री बैजनाथ के एक दिवसीय दौरे के दौरान जेएसवी के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) कार्यालय के नए भवन का लोकार्पण करेंगे।
लगभग 1.23 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह दो मंजिला भवन अधिशासी अभियंता के साथ अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के कामकाज के लिए होगा। इससे कार्यालय का संचालन और क्षेत्र की जनता को मिलने वाली सेवाएं पहले से कहीं अधिक सुगम और प्रभावी होंगी।
पहले बैजनाथ क्षेत्र जलशक्ति विभाग के पालमपुर डिवीजन के अंतर्गत आता था, लेकिन अब स्थानीय डिवीजन कार्यालय होने से लोगों को दूर-दराज के दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। जेएसवी के अधीक्षण अभियंता विशाल जसवाल ने बताया कि उपमुख्यमंत्री का दौरा क्षेत्र के विकास के दृष्टिकोण से अहम है। नए भवन के लोकार्पण से विभाग की कार्यक्षमता और सेवाओं में सुधार होगा।