लंबागांव (कांगड़ा)। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जयसिंहपुर (सीबीएसई) की अंडर-19 हॉकी टीम ने लगातार तीसरी बार जिला स्तरीय ट्रॉफी पर कब्जा जमाकर खिताबी जीत की हैट्रिक लगाई है। जिला स्तर पर उम्दा खेल की बदौलत विद्यालय की आठ छात्राओं कनिका, प्रिया, कोमल, अक्षरा, मोनिका, कनिका, ऋषिका जग्गी और शिवानी का चयन सिरमौर के मानपुर देवरा में होने वाली राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इसके अलावा विद्यालय के छात्र कृष भंडारी ने कबड्डी में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कुपवी (शिमला) में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय टूर्नामेंट में जगह बनाई है।
विद्यार्थियों की इस दोहरी उपलब्धि पर प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों का यह अनुशासन और कठिन परिश्रम पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने टीम को तराशने के लिए डीपीई विजय लोहिया और पीईटी माइकल मेहरा के समर्पण की विशेष सराहना की।