धर्मशाला। एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में खेले जाने वाले आईपीएल के पहले क्वालीफायर मुकाबले का खुमार क्रिकेट प्रेमियों में छा गया है। पर्यटन नगरी के निजी होटलाें में 60 और हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) के होटलों में अब तक 70 फीसदी एडवांस बुकिंग हो गई है। रोजाना देश के विभिन्न राज्यों से क्रिकेट प्रेमी होटलों में कमरा बुक करने को लेकर संचालकों से जानकारी ले रहे हैं।
हालांकि अभी तक यह तय नहीं हो पाया है कि धर्मशाला में कौन सी दो टीमों के बीच क्वालीफायर मुकाबला खेला जाएगा। फिर भी धर्मशाला के खूबसूरत स्टेडियम में आईपीएल के इस बड़े मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। धर्मशाला में हुए तीन मैचों में अच्छे पर्यटन कारोबार के बाद इस मैच के लिए एडवांस बुकिंग होना पर्यटन की दृष्टि से बेहतर माना जा रहा है।
-
26 मई को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में खेले जाने वाले आईपीएल के क्वालीफायर मुकाबले को लेकर धर्मशाला-मैक्लोडगंज के होटलों में 60 फीसदी तक एडवांस बुकिंग हो चुकी है। इससे अनुमान है कि मैच के दिन धर्मशाला के होटल पूरी तरह पैक हो जाएंगे। -विवेक महाजन, महासचिव, होटल एंड रेस्तरांं एसोसिएशन धर्मशाला
धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में 26 मई को खेले जाने वाले मुकाबले को लेकर होटलों में करीब 70 प्रतिशत एडवांस बुकिंग हो चुकी है। इस मैच की एडवांस बुकिंग के लिए रोजाना क्रिकेट प्रेमियों की ओर से जानकारी ली जा रही है। -कैलाश ठाकुर, एजीएम, एचपीटीडीसी