-एचपीसीए स्टेडियम पहुंचने के लिए क्रिकेट प्रेमियों को नहीं होेगी असुविधा
-एचआरटीसी ने शटल बस सेवा को मजबूत करने का लिया है फैसला
-
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। आईपीएल मैचों के दौरान एचपीसीए स्टेडियम पहुंचने वाले क्रिकेट प्रेमियों को अब यातायात और पार्किंग की परेशानी से काफी राहत मिलने वाली है। हिमाचल पथ परिवहन निगम ने मैचों के दौरान शटल बस सेवा को और मजबूत करने का निर्णय लिया है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बसें भी चलाई जाएंगी।
पहले मैच के दौरान निगम की ओर से विभिन्न स्थानों और पार्किंग स्थलों से करीब चार शटल बसें चलाई गई थीं। इन बसों के माध्यम से लोगों को पार्किंग स्थलों से स्टेडियम तक पहुंचने और मैच समाप्त होने के बाद वापस पार्किंग तक जाने में काफी सुविधा मिली।
स्टेडियम के आसपास भारी भीड़ उमड़ने के कारण प्रशासन और आयोजकों ने अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था की है। कई पार्किंग स्थल स्टेडियम से कुछ दूरी पर स्थित होने के चलते दर्शकों को पैदल आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता था। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए एचपीसीए और एचआरटीसी ने मिलकर शटल बस सेवा शुरू की है।
उधर, एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने बताया कि पहले मैच के दौरान करीब चार शटल बसें चलाई गई थीं। आगामी मैचों में यदि दर्शकों की संख्या बढ़ती है और आवश्यकता महसूस होती है तो अतिरिक्त शटल बसें भी चलाई जाएंगी ताकि क्रिकेट प्रेमियों को असुविधा न हो और वे आसानी से मैच का आनंद ले सकें।