बैजनाथ (कांगड़ा)। जिला कांगड़ा के दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल के टणकारी से घायल भेड़पालक को रेस्क्यू कर लिया है। एसडीएम बैजनाथ संकल्प गौतम ने कहा कि भेड़-बकरियां चराने गए गुनेहड़ निवासी निजल कुमार (53) के घायल होने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त के हेमराज बैरवा को सूचित किया गया।
इसके बाद कांगड़ा और चंबा के उपायुक्तों ने आपस में समन्वय स्थापित कर बिना किसी विलंब के यह संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान आरंभ करवाया। एसडीएम ने बताया कि दोनों जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में भरमौर से एक माउंटेनियर रेस्क्यू टीम को तत्काल रवाना किया गया। पंकज महंत के नेतृत्व में भरमौर की 11 सदस्यीय इस टीम ने कठिन पर्वतीय मार्गों, प्रतिकूल मौसम और अत्यधिक जोखिमपूर्ण परिस्थितियों के बीच घायल भेड़पालक तक पहुंच बनाई।
मौके पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के उपरांत टीम घायल को पैदल मार्ग से सुरक्षित रूप से घरौंडा तक लेकर आई। एडीएम भरमौर की ओर से घरौंडा से आगे घायल को लाने के लिए तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था की गई थी। इसके बाद घायल व्यक्ति को पहले होली पहुंचाया गया जहां से बेहतर उपचार के लिए उसे चिकित्सा महाविद्यालय चंबा रेफर कर दिया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।