क्षतिग्रस्त माजरा-डमटाल-मोहटली मार्ग का जायजा लेते विधायक मलेंद्र राजन। -स्रोत: जागरूक पाठक
डमटाल (कांगड़ा)। भारी बारिश से विधानसभा क्षेत्र इंदौरा की माजरा, डमटाल और मोहटली पंचायतों को जोड़ने वाली सिविल एंक्लेव रोड का एक हिस्सा चक्की खड्ड में बह जाने से संपर्क मार्ग बाधित हो गया है। स्थिति की जानकारी मिलते ही विधायक मलेंद्र राजन मौके पर पहुंचे और अधिकारियों के साथ हालात का जायजा लिया।
उन्होंने उपायुक्त कांगड़ा से संपर्क कर स्कूली बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। इस पर उपायुक्त ने मिलिट्री अस्पताल कमांडर से मानवीय आधार पर बातचीत कर सड़क की मरम्मत होने तक स्कूली बच्चों को मिलिट्री परिसर से होकर पैदल आने-जाने की अनुमति दिलाई।
विधायक ने रेलवे विभाग के इंजीनियरों को पुल की स्थिति का निरीक्षण करने के निर्देश दिए ताकि किसी तरह की जनहानि से बचा जा सके। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग ने 22 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी है और बजट स्वीकृत होते ही मार्ग का निर्माण कार्य शुरू होगा। राजन ने आश्वस्त किया कि सरकार और प्रशासन आमजन की सुविधा और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सजग है।