कांगड़ा। विकास खंड की खाेली पंचायत के टांडा खाेली क्षेत्र में प्रस्तावित इंडोर बास्केटबाल स्टेडियम का सपना मात्र शिलान्यास तक ही सीमित रह गया। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 13 दिसंबर, 2022 को इस स्टेडियम का शिलान्यास किया था, लेकिन अब यह परियोजना आगे नहीं बढ़ पाई है। इंडोर बास्केटबाल स्टेडियम के लिए प्रशासन ने लगभग 26 कनाल भूमि को चिह्नित किया था, लेकिन बजट के अभाव के कारण यह परियोजना ठंडे बस्ते में चली गई। इस स्टेडियम के बनने से न केवल कांगड़ा जिले के खिलाड़ियों, बल्कि आस-पास के क्षेत्रों के बच्चों और युवाओं को भी बास्केटबाल के क्षेत्र में बेहतरीन सुविधा मिलनी थी।
खिलाड़ियों ने की जल्द निर्माण की मांग
स्थानीय बास्केटबाल खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने प्रदेश सरकार से अपील की है कि टांडा खाेली में प्रस्तावित इंडोर बास्केटबाल स्टेडियम का निर्माण शीघ्र शुरू किया जाए। कांगड़ा के रमेश चंद, अमरीक कुमार और सरवण सिंह ने सरकार और खेल मंत्री से यह आग्रह किया है कि खिलाड़ियों को यह सुविधा मिलनी चाहिए ताकि वे अपनी क्षमता का पूरा प्रदर्शन कर सकें।
सरकार से मांगा है बजट
प्रदेश बास्केटबाल संघ के महासचिव मुनीष शर्मा ने बताया कि टांडा खाेली में इंडोर बास्केटबाल स्टेडियम के लिए सरकार से बजट की मांग की गई है और स्टेडियम का डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट भी प्रस्तुत किया जा चुका है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जैसे ही बजट का प्रावधान होगा, टेंडर प्रक्रिया को पूरा करके कार्य शुरू कर दिया जाएगा।