बैजनाथ(कांगड़ा)। नगर पंचायत बैजनाथ-पपरोला में पति-पत्नी और देवरानी-जेठानी अलग-अलग वार्डों से चुनावी मेदान में हैं। वहीं, आरक्षण के कारण चुनावी मैदान से बाहर हुए पार्षद अपने स्थान पर अपनी पत्नी या पतियों को चुनावी मैदान में उतार चुके हैं।
बैजनाथ-पपरोला नपं में देवरानी और जेठानी दोनों चुनावी मैदान में कूद चुकी हैं। रिश्तेदार दोनों महिलाएं आमने-सामने मुकाबले के बजाय अलग-अलग वार्डों से भाग्य आजमा रही हैं। वार्ड नंबर एक से पार्षद बालकृष्ण बंटी की पत्नी वेदना कुमारी (जेठानी) वार्ड नंबर एक से ही चुनावी मैदान में हैं, जबकि देवरानी शम्मी अनुसूचित जाति महिला के आरक्षित वार्ड नंबर दो से चुनाव मैदान में हैं। पार्षद बाल कृष्ण बंटी इस बार चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। पांच वर्ष पूर्व हुए चुनाव में जेठानी वेदना कुमारी दूसरे स्थान पर रही थी और देवरानी शम्मी पहली बार चुनावी मेदान में है। नपं के अध्यक्ष की कुर्सी अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित है और देवरानी शम्मी इसी वार्ड से भाग्य आजमा रही हैं। इससे पूर्व वार्ड नंबर आठ से पति और पत्नी ने भी आमने सामने मुकाबले के लिए नामांकन भरा था, लेकिन बाद में पत्नी पार्षद कविता ने नाम वापस ले लिया था। अब वार्ड न आठ से कविता के पति राजन भाग्य आजमा रहे हैं। इसी प्रकार वार्ड पांच पंतेहड के पार्षद छवि शर्मा के स्थान पर उनकी पत्नी इस वार वार्ड नंबर चार घिरथोली से चुनावी मेदान में हैं। इसके अतिरिक्त पार्षद अमित कपूर वार्ड न तीन से और उनकी पत्नी और नपं की चेयरमैन रुची कपूर वार्ड नंबर एक से चुनावी मैदान में हैं। वहीं पार्षद मुकेश शर्मा और उनकी भाभी पार्षद मधु शर्मा में से मधु शर्मा आरक्षण के चलते बाहर हैं, जबकि पार्षद मुकेश शर्मा दस नंबर वार्ड से भाग्य आजमा रहे हैं ।