इंदौरा में गैस्स लिंडर लेने के लिए उमड़ी भीड़। -स्रोत : जागरूक पाठक
इंदौरा (कांगड़ा)। घरेलू गैस सिलिंडरों को लेकर मची अफरा-तफरी के बीच इंदौरा में सोमवार को स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब गैस की गाड़ी पहुंचते ही लोग उस पर टूट पड़े। भीड़ इतनी अनियंत्रित हो गई कि स्थानीय प्रशासन को व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की मदद लेनी पड़ी।
इंडेन गैस एजेंसी डमटाल की गाड़ी जैसे ही इंदौरा पहुंची, उपभोक्ताओं की भारी भीड़ जमा हो गई। लोग पहले सिलिंडर लेने की होड़ में अव्यवस्थित हो गए, जिससे वितरण कार्य बाधित होने लगा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को कतारों में खड़ा किया और स्थिति को शांत कराया।
गैस एजेंसी के प्रभारी वनीत कुमार ने बताया कि वर्तमान में सिलेंडर का वितरण केवल ओटीपी के माध्यम से ही किया जा रहा है और एडवांस बुकिंग की सुविधा फिलहाल बंद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कई उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी न होने के कारण उनके पंजीकृत मोबाइल पर ओटीपी नहीं आ रहा है, जिससे उन्हें सिलेंडर मिलने में कठिनाई हो रही है। आपूर्ति में कोई कमी नहीं है, रविवार को दो और सोमवार को एक गाड़ी भेजी गई है।
एजेंसी की अपील- घर पर ही करें इंतजार
प्रभारी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वितरण गाड़ियां घर-घर तक भेजी जा रही हैं, इसलिए लोग वितरण स्थल या एजेंसी के बाहर अनावश्यक भीड़ न लगाएं। नियमित रूप से तीन गाड़ियां क्षेत्र में भेजी जा रही हैं, जिससे सभी को सिलेंडर उपलब्ध करवा दिए जाएंगे।