रे (कांगड़ा)। वन विभाग की टीम ने मंगलवार रात करीब 12:00 बजे कुछ लोगों को वन परिक्षेत्र रे के तहत खैर के पेड़ काटते हुए पकड़ा है। इसकी सूचना स्थानीय व्यक्ति की ओर से वन रक्षक विनय कटोच को दी गई थी।
जानकारी के अनुसार बडूखर बीट में नंगल मोड़ पर अवैध तरीके से खैर के पेड़ काटे जा रहे थे। विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए डिप्टी रेंजर लाल सिंह, विनय कटोच, नीरज पठानिया, संजीव सिंह, लक्ष्य कटोच और पूनम को लेकर नाकाबंदी कर दी, ताकि वन काटू भाग न सकें। गुप्त सूचना के आधार पर उस जगह पर जब दल पहुंचा तो पाया कि कुछ लोगों की ओर से खैर के मोछों को सड़क के पास रखा जा रहा था। मौके पर ही दो लोगों को मोछों सहित दबोच लिया गया। इनमें संजीव कुमार और गौरव दोनों पंजाब के निवासी हैं। उनकी ओर से उपयोग में लाई जा रही एक पंजाब नंबर की मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई है। एक व्यक्ति जिसका नाम जितेंद्र है, वह मौके से चार पहिया वाहन लेकर फरार हो गया। इसकी सूचना पुलिस थाना इंदौरा को दी गई है। इस पर सहायक उप निरीक्षक संतोष कुमार अपने दल के साथ मौका पर पहुंचे और मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया और खैर के 11 मोछों को वन परिक्षेत्र में जमा करवा दिया गया। भगौड़े आरोपी की तालाश में कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।