धर्मशाला के उपायुक्त कार्यालय में मिलने पहुंचे कर्मशियल वाहन चालक संघर्ष समिति के सदस्य। संवाद
-एटीएस को लेकर व्यावसायिक वाहन संघर्ष समिति ने दी चेतावनी
-कहा- जरूरत पड़ी तो मुख्यमंत्री से लेकर राष्ट्रपति तक का करेंगे घेराव
-15 दिन बीत जाने के बाद भी ठोस नतीजा नहीं आया सामने
संवाद न्यूज एजेंसी
जिला कांगड़ा में ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) को लेकर व्यावसायिक वाहन संघर्ष समिति ने कड़े तेवर अपना लिए हैं। समिति ने कहा कि 22 अप्रैल को दोबारा उपायुक्त हेमराज बैरवा से मुलाकात की जाएगी। यदि उस दिन भी कोई समाधान नहीं निकला तो आंदोलन की अगली रणनीति तुरंत बनाई जाएगी। समिति ने चेतावनी दी है कि इसके बाद एनएच पर बड़े स्तर पर चक्का जाम किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री से लेकर राहुल गांधी और राष्ट्रपति तक घेराव किया जाएगा ताकि उनकी आवाज देश के उच्चतम स्तर तक पहुंच सके। समिति के अध्यक्ष विक्की पठानिया ने कहा कि 6 अप्रैल को किए चक्का जाम और हड़ताल के दौरान प्रशासन ने 7 दिन में समाधान का आश्वासन दिया था। 20 अप्रैल तक 15 दिन बीत जाने के बाद भी कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है।
बजरंगबली से लगाई न्याय की गुहार
सोमवार को समिति के पदाधिकारी डीसी कांगड़ा से मिलने पहुंचे थे लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद आक्रोशित सदस्य हनुमान मंदिर पहुंचे और भगवान बजरंगबली के समक्ष मांगें रखते हुए न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने कहा कि अब उन्हें प्रशासन से ज्यादा भगवान पर भरोसा रह गया है।
धर्मशाला के उपायुक्त कार्यालय में मिलने पहुंचे कर्मशियल वाहन चालक संघर्ष समिति के सदस्य। संवाद