देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। पूर्व उद्योग मंत्री और भाजपा के विधायक बिक्रम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र से मिली राहत के बावजूद प्रदेश में आज जनता महंगाई और कुशासन की मार झेल रही है। उन्होंने प्रेस बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवरात्र पर सीमेंट पर जीएसटी को 28 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी किया, जिससे हर बैग 40 रुपये सस्ता होना था। प्रदेश की सुक्खू सरकार ने यह राहत जनता तक पहुंचने ही नहीं दी।
विधायक मित्रों को खुश करने के लिए उन्हें विदेशी दौरों पर भेजा जा रहा है। एचआरटीसी के पेंशनभोगियों को महीनों तक पेंशन नहीं मिल रही, जिससे बुजुर्ग परेशान हैं। जसवां-परागपुर में एचआरटीसी के अधिकांश रूट बंद या प्रभावित हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सात दिन के भीतर इन रूटों को बहाल नहीं किया गया तो वह स्वयं कार्यकर्ताओं के साथ आरएम कार्यालय का घेराव करेंगे।