धर्मशाला। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिलाध्यक्ष अमी चंद चौधरी की अध्यक्षता में अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) से मुलाकात कर मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा। यह कदम देशव्यापी स्तर पर जिला व तहसील मुख्यालयों पर ज्ञापन सौंपने के अभियान के तहत उठाया गया। मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी न हुईं तो दो सितंबर से राष्ट्रव्यापी अनिश्चितकालीन क्रमिक धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। मोर्चा ने जातिगत आंकड़ों के संग्रह, सत्यापन और संकलन की पूरी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और ऑडिट योग्य बनाने की भी मांग उठाई है।
ये हैं प्रमुख मांगें
मोर्चा की मांग है कि एससी और एसटी की तरह ओबीसी वर्ग की भी अलग से और उसी पद्धति के आधार पर आधिकारिक जनगणना करवाई जाए।
राज्यवार आधिकारिक एवं व्यापक मास्टर जाति निर्देशिका तैयार की जाए।
प्रत्येक जाति को एक विशिष्ट कोड आवंटित किया जाए और अनियंत्रित ओपन कॉलम व्यवस्था की जगह मानकीकृत विकल्प-आधारित प्रणाली लागू की जाए।
अनुसूचित व स्थानीय जातियों के सत्यापन के लिए एक पारदर्शी और स्पष्ट संस्थागत ढांचा तैयार किया जाए।