धर्मशाला। धौलाधार की तलहटी धर्मशाला में प्रस्तावित आइस और रोलर स्केटिंग रिंक का निर्माण कार्य बजट के अभाव में लटकता नजर आ रहा है। इस प्रोजेक्ट के लिए एडीबी की फंडिंग होनी है। पर्यटन विभाग ने स्केटिंग रिंग के लिए धर्मशाला के लोअर सकोह में भूमि का चयन कर लिया है। इतना ही नहीं, चिह्नित की गई भूमि के लिए अलग से रास्ते का प्रावधान भी किया गया है। रिंक के निर्माण के लिए अब विभाग की ओर से एशियाई विकास बैंक (एडीबी) से बजट का इंतजार किया जा रहा है। बजट प्राप्त होने के साथ ही टेंडर प्रक्रिया को शुरू कर दिया जाएगा।
जिला कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाने की घोषणा के बाद धर्मशाला में आइस और रोलर स्केटिंग रिंक बनाने की योजना है। पर्यटन विकास विभाग ने इसके लिए नगर निगम धर्मशाला के वार्ड नंबर-9 लोअर सकोह में भूमि का चयन कर लिया है। करीब एक 90 हेक्टेयर से अधिक भूमि आइस और रोलर स्केटिंग रिंक के लिए चिह्नित की गई है। आइस और रोलर स्केटिंग रिंक के साथ ही यहां पर होटल भी बनेगा।
उधर, जिला पर्यटन अधिकारी विनय धीमान ने बताया कि सकोह में आइस और रोलर स्केटिंग रिंक का निर्माण एडीबी के फंड से किया जाएगा। इसके लिए प्रक्रिया जारी है। फंड प्राप्त होने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।