धर्मशाला। पुलिस थाना गगल के तहत क्योड़ियां गांव में कूहल के किनारे मानव खोपड़ी मिलने से इलाके में दहशत बनी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खोपड़ी को सुरक्षित कब्जे में लेकर आगे की जांच के लिए आरएफएसएल धर्मशाला भेज दिया।
कांगड़ा के एएसपी बीर बहादुर ने बताया कि खोपड़ी पुरानी, धूसर रंग की और सूखी अवस्था में मिली। जांच के दौरान यह पाया गया कि खोपड़ी चार हिस्सों में टूटी हुई थी, जिसमें ऊपर का जबड़ा आंशिक रूप से मौजूद था।
दांतों की स्थिति से और खोपड़ी में पाई गई पुरानी दरारों से अनुमान लगाया जा रहा है कि यह लंबे समय से वहीं पड़ी रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 9 जून, 2022 को इसी स्थान के पास कुछ हड्डियां, कपड़े, जूते और पर्स बरामद हुए थे, जिनकी पहचान क्योड़ियां निवासी आकर्ष डढवाल के रूप में हुई थी। पुलिस को आशंका है कि अब मिली खोपड़ी भी उसी व्यक्ति से संबंधित हो सकती है।
इस मामले में पहले ही धारा 174 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। ब्यूरो