धर्मशाला। स्मार्ट सिटी धर्मशाला में राहगीरों की सुविधा के लिए बनाए गए करोड़ों रुपये के फुटपाथ अतिक्रमण और बदहाली की भेंट चढ़ गए हैं। मंगलवार को अमर उजाला की पड़ताल में सामने आया कि फुटपाथों पर कहीं दुकानदारों का सामान फैला है, कहीं गाड़ियां खड़ी हैं, तो कहीं झाड़ियों और बिजली के खंभों ने रास्ता रोक रखा है।
करोड़ों खर्च होने के बावजूद राहगीर सड़क पर वाहनों के बीच जान जोखिम में डालकर चलने को मजबूर हैं। कोतवाली बाजार से लेकर स्कूल शिक्षा बोर्ड कार्यालय तक के मार्ग की पड़ताल में व्यवस्था की पोल खुल गई। कोतवाली बाजार के संकरे मार्ग पर फुटपाथ की सुविधा पूरी तरह से नदारद है। सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों और रेहड़ी-फहड़ी वालों ने मार्ग को और संकरा कर दिया है। यहां पैदल चलने वालों के लिए भारी परेशानी है।
गांधी वाटिका से शिक्षा बोर्ड तक स्मार्ट सिटी के तहत बने फुटपाथ की हालत बेहद दयनीय मिली। कई जगहों पर टाइलें उखड़ी हुई हैं या काम अधूरा है। हालात यह हैं कि कहीं वाहनों ने फुटपाथ का प्रवेश द्वार रोक रखा है, तो कहीं गाड़ियां सीधे फुटपाथ पर ही पार्क कर दी गई हैं। फुटपाथ के डिजाइन और रखरखाव में भी भारी लापरवाही सामने आई है।
राहगीरों के रास्ते के बीचों-बीच बिजली के खंभे खड़े हैं। कई जगह बिच्छू बूटी व घनी झाड़ियां फैल गई हैं। वहीं, एक जगह तो पूरा पेड़ ही फुटपाथ पर पड़ा है, जिससे पैदल रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत करोड़ों रुपये खर्च कर बनाए गए फुटपाथ पर राहगीरों के बजाय वाहनों, बिजली के खंभों और झाड़ियों का कब्जा है। कई जगह टाइलें उखड़ी हुई हैं और निर्माण अधूरा पड़ा है।
व्यापारियों द्वारा फुटपाथ पर सामान सजाने और अतिक्रमण पर प्रशासन की खामोशी से कोतवाली बाजार व्यापार मंडल नाराज है। व्यापार मंडल ने अव्यवस्था के लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। नगर निगम के मेयर ने दावा किया है कि फुटपाथ पर बैठे रेहड़ी-फहड़ी वालों को जल्द गांधी वाटिका के पास बनी दुकानों में शिफ्ट किया जाएगा। साथ ही पुलिस की मदद से गाड़ियां भी हटाई जाएंगी।
नगर निगम जल्द ही फुटपाथ पर रेहड़ी-फहड़ी लगाकर बैठे लोगों को हटा कर उन्हें गांधी वाटिका के पास बनी दुकानों में शिफ्ट करेगा। इसके अलावा पुलिस विभाग के सहयोग से फुटपाथ पर खड़ी गाड़ियों को भी हटाया जाएगा। जहां-जहां फुटपाथ पर झाड़ियां और अन्य अवरोधक हैं, उन्हें भी जल्द ही हटा दिया जाएगा। -शमशेर नैहरिया, मेयर, नगर निगम धर्मशाला
डीसी को सौंप देंगे दुकानों की चाबियां
व्यापार मंडल कचहरी अड्डा लगातार व्यापारियों को फुटपाथ पर सामान न लगाने के लिए कहता है। इसके बावजूद दुकानदार अपना सामान फुटपाथ पर सजा देते हैं। अब जिला प्रशासन ही फुटपाथ पर व्यापारियों द्वारा किए गए कब्जे को हटा सकता है। -मुनीष लुथरा, अध्यक्ष, कचहरी व्यापार मंडल
इस संदर्भ में उपायुक्त कांगड़ा को कई बार पत्र लिखा गया है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। व्यापार मंडल ने उपायुक्त को यहां तक चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो व्यापारी अपनी दुकानें बंद कर चाबियां उन्हें सौंप देंगे। -शेखर राय, महासचिव, कोतवाली बाजार व्यापार मंडल
धर्मशाला के कोतवाली बाजार में पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ ही नहीं। अमर उजाला
धर्मशाला के कोतवाली बाजार में पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ ही नहीं। अमर उजाला
धर्मशाला के कोतवाली बाजार में पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ ही नहीं। अमर उजाला
धर्मशाला के कोतवाली बाजार में पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ ही नहीं। अमर उजाला