खैरा पंचायत के डोली गांव में बारिश से गिरा मकान
- फोटो : Kangra
खैरा (कांगड़ा)। पालमपुर उपमंडल की ग्राम पंचायत खैरा के डोली गांव में एक व्यक्ति का मकान भारी बारिश के चलते क्षतिग्रस्त होकर गिर गया। जानकारी के अनुसार सोमवार रात को विनोद कुमार पुत्र स्व. राम लाल के स्लेटपोश मकान के घर का हिस्सा, जिसमें रसोई घर था गिर गया। गनीमत यह रही कि रात का समय होने के कारण घर के सभी सदस्य साथ लगते अन्य कमरे में सोए थे। अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था। पंचायत उपप्रधान मनजीत वालिया और सदस्य सुनीता देवी ने मौके पर पहुंच कर इसकी सूचना ग्रामीण राजस्व अधिकारी को दी। पंचायत समिति सदस्य प्रवीण कुमारी, उपप्रधान मनजीत वालिया और अन्य सदस्यों ने बीपीएल परिवार से संबंधित विनोद कुमार को सरकार की ओर से उचित सहायता मुहैया करवाने की मांग की है। ग्रामीण राजस्व अधिकारी अमित ने बताया कि नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर आला अधिकारियों को भेज दी जाएगी।