नूरपुर (कांगड़ा)। नूरपुर थाना क्षेत्र के पठानकोट-मंडी नेेेशनल हाईवे पर भड़वार के समीप एक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान अंजु बाला पत्नी अश्वनी कुमार निवासी चनौर तहसील इंदौरा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मंगलवार को अंजु बाला अपने पति के साथ बाइक पर सवार होकर धर्मशाला की तरफ जा रही थी। इसी दौरान भड़वार के पास अचानक अंजु का दुपट्टा बाइक की चैन में फंस गया और वह नीचे गिर गई। हादसे के तुरंत बाद बेसुध हालत में अंजु बाला को नूरपुर अस्पताल ले जाया गया, यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।