गद्दी सिद्ध बाबा श्री शिब्बोथान सिद्ध आश्रम भरमाड़ में होली पर संत समागम कार्यक्रम में स्वामी के
राजा का तालाब (कांगड़ा)। गद्दी सिद्ध बाबा श्री शिब्बोथान सिद्ध आश्रम भरमाड़ में होली के अवसर पर संत समागम कार्यक्रम आयोजित किया गया। महामंडलेश्वर 1008 स्वामी सतीश वत्स ने प्रवचन देते हुए कहा कि होली का पर्व हमें अपनी बुराइयों को त्यागकर प्रेम और सद्भाव से जीने की सीख देता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और श्रीराधा की होली, प्रेम और आनंद से भरपूर जीवन जीने का संदेश देती है।
उन्होंने आगे कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सुख-दुख में संतुलन बिठाकर प्रभु भक्ति में रत रहने की प्रेरणा भी देती है। जीवन में किसी भी क्षण भगवान की कृपा हो सकती है, इसलिए हमें सच्चे भाव से उनकी आराधना करनी चाहिए। समागम के दौरान गुरु प्रेमी भक्तों ने गुलाल की होली खेली और भगवान की मूर्ति पर पुष्प वर्षा कर उन्हें भी रंगों से सराबोर किया। आश्रम में भक्तिमय वातावरण के बीच होली का पर्व उत्साहपूर्वक मनाया गया।