चिह्नित क्षेत्रों में सड़क-बिजली, पानी की होगी व्यवस्था
विस्थापितों को बसाने के लिए चिह्नित किए हैं नौ मुहाल
विपिन चौधरी
धर्मशाला। गगल हवाई अड्डे के विस्तारीकरण से विस्थापित होने वाले प्रभावितों को शाहपुर और कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के तहत नौ विभिन्न मुहालों में बसाया जाएगा। इन विस्थापितों को बसाने का जिम्मा हिमुडा के हवाले रहेगा। हिमुडा विस्थापितों के लिए बिजली, सड़क और पानी सहित अन्य सुविधाएं मुहैया करवाएगा। विस्थापितों को बसाने के लिए जिला प्रशासन ने कांगड़ा और शाहपुर विधानसभा क्षेत्रों के तहत नौ मुहालों को चिह्नित किया है, जहां पर उन्हें बसाया जाना प्रस्तावित है।
जानकारी के अनुसार कांगड़ा हवाई अड्डा विस्तार के लिए भू अधिग्रहण की अधिसूचना 17 अगस्त को प्रदेश सरकार ने की है। इस दौरान भूमि अर्जन के कारण 942 के करीब परिवारों का पुनव्यर्वस्थापन होना है। इन परिवारों को बसाने के लिए 15-13-27 हेक्टेयर भूमि को चिह्नित किया गया है। यह भूमि शाहपुर और कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के तहत आते विभिन्न मुहालों में चिह्नित की गई है। इसमें कांगड़ा के तहत पांच जबकि शाहपुर के तहत चार मुहालों को शामिल किया गया है। इनमें विस्थापितों को बसाने के लिए जरूरी संशाधनों को उपलब्ध करवाने का जिम्मा हिमुडा को सौंपा गया है। हिमुडा ही चिह्नित किए गए क्षेत्रों में लोगों के लिए बिजली, पानी और सड़क सहित अन्य सुविधाएं मुहैया करवाएगा।
इन मुहालों में उपलब्ध भूमि पर बसाने की है योजना
इन प्रभावितों को कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के तहत टांडा खोली (03-17-03), उपरेहड़ (01-34-57), घुंडी (01-54-04), हार (03-83-70) और चौंधा (01-39-97) मुहालों में बसाने के लिए भूमि चिह्नित की गई है। इसके अलावा शाहपुर के तहत बैंटलू (01-41-71), क्योड़ी (01-69-28), रनेड़ (00-55-33) और हार (00-17-64) मुहाल को चिह्नित किया गया है। इन मुहालों के अलग-अलग खसरा नंबरों पर गगल एयरपोर्ट से विस्थापित होने वाले प्रभावितों को बसाया जाएगा।
बनोई से लेकर मटौर तक फोरलेन की होगी री-अलाइनमेंट
बनाई से लेकर मटौर तक बनने वाले फोरलेन की री-अलाइनमेंट होगी। इसके लिए जिला प्रशासन ने एनएचएआई से प्रस्ताव मांगा है। मौजूदा समय में चैतडू की तरफ से फोरलेन बनाने की योजना है लेकिन इसमें कुछ दिक्कतें आ रही हैं। इसके चलते जिला प्रशासन ने बनोई से लेकर मटौर तक बनने वाले फोरलेन के लिए री-अलाइनमेंट करवाने का प्रस्ताव रखा है, जिससे एनएचएआई को फोरलेन बनाने में किसी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
गगल एयरपोर्ट विस्तारीकरण से विस्थापित होने वाले प्रभावितों को हिमुडा बसाएगा। उनके लिए चिह्नित क्षेत्रों में बिजली, सड़क और पानी आदि सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। - डॉ. हरीश गज्जू, एडीएम, कांगड़ा।