अचानक बढ़े करंट से दुकानों और घरों में नुकसान, लाखों रुपये की क्षति जांच और मुआवजे की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
गुलेर (कांगड़ा)। उपमंडल हरिपुर के तहत हरिपुर बाजार और आसपास के क्षेत्रों में वीरवार दोपहर करीब 1:25 बजे अचानक बिजली की वोल्टेज बढ़ने से भारी नुकसान हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सामान्य बिजली आपूर्ति के दौरान अचानक वोल्टेज इतना बढ़ गया कि घरों और दुकानों में लगे उपकरणों से चिंगारियां निकलने लगीं।
इस तकनीकी खराबी के चलते लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और एसी, फ्रिज, टेलीविजन, वॉशिंग मशीन, सीसीटीवी, एलईडी लाइट्स, प्रिंटर और कंप्यूटर जैसे कई महंगे उपकरण जल गए। प्रारंभिक आकलन के अनुसार व्यापारियों और स्थानीय निवासियों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
प्रभावित लोगों ने प्रशासन और बिजली बोर्ड से मामले की उच्च स्तरीय जांच और नुकसान की भरपाई की मांग की है। हालांकि अभी तक कुल नुकसान का सटीक आंकड़ा सामने नहीं आया है, लेकिन क्षति काफी बड़ी बताई जा रही है।
विद्युत उपमंडल हरिपुर के सहायक अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही तुरंत प्रभावित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हरिपुर बाजार में एक निर्माण कार्य के दौरान शटरिंग की लोहे की प्लेट बिजली की तारों पर गिर गई, जिससे एलटी लाइन की तारें आपस में जुड़ गईं और करंट का प्रवाह अचानक बढ़ गया।
इस घटना के बाद व्यापार मंडल हरिपुर के सदस्यों ने बिजली बोर्ड कार्यालय में शिकायत दर्ज करवाई है। व्यापार मंडल ने प्रभावित उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि वे अपने नुकसान का विवरण विभाग को दें, ताकि आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।