कांगड़ा। पुराना कांगड़ा घाट के पास मंगलवार सुबह लगभग साढ़े पांच बजे भारी भूस्खलन से सड़क अवरुद्ध हो गई। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं और जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया।
मलबे की मात्रा अधिक होने के कारण सड़क को पूरी तरह खोलने में लगभग डेढ़ घंटा लग गया। डीएसपी कांगड़ा अंकित शर्मा ने बताया कि पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए कांगड़ा किला मार्ग को आपातकालीन रास्ते के रूप में उपयोग किया, लेकिन मार्ग संकरा होने से वहां से गुजरने में वाहनों को 20-25 मिनट अधिक लगे। छोटे वाहनों के लिए एकतरफा यातायात फिर से बहाल कर दिया गया है, लेकिन भारी वर्षा के चलते मलबा लगातार गिरने से दिक्कतें बनी रहीं।
लगातार बारिश से कांगड़ा के अन्य क्षेत्रों में भी भूस्खलन हुआ। जमानाबाद के मिहालू सड़क मार्ग और पुराना कांगड़ा के प्रवेश द्वार पर भी मलबा गिरने से रास्ते बंद रहे। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह डंगा पिछली बरसात में ही अपनी सतह छोड़ चुका था, जिसकी जानकारी नगर परिषद को दी गई थी, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।