नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। त्योहारी सीजन के मद्देनजर खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. रूबी भारद्वाज के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र में मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। टीम ने योल, टंग, चामुंडा मंदिर, जसौर, नरवाना, मलां और नगरोटा बगवां में तेल, दूध तथा अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांची। उपयोग के अयोग्य पाई गई खाद्य वस्तुओं को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। डॉ. रूबी भारद्वाज ने विक्रेताओं को निर्धारित मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपयोग करने और दुकानों में स्वच्छता बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण टीम में सुशील धीमान और हैप्पी कुमार भी शामिल रहे। संवाद