धर्मशाला। हिमाचल की क्रिकेटर हरलीन दयोल का बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस द्वारा आयोजित हाई परफॉर्मेंस कैंप ऑफ टारगेटेड वूमेन के लिए चयन हुआ है। यह कैंप 19 मई से 2 जून तक बंगलुरू में आयोजित होगा। इसके लिए हरलीन 18 मई को रिपोर्ट करेंगी।
हरलीन का दूसरे चरण के कैंप (2 से 11 जुलाई) के लिए भी चयन हुआ है, हालांकि उसमें उनकी भागीदारी तय नहीं है। इसके साथ ही हरलीन दयोल का इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय महिला टीम में भी चयन हुआ है। यह दौरा 28 जून से शुरू होने वाली वनडे और टी-20 श्रृंखला के लिए है। इस बार हिमाचल से केवल हरलीन ही टीम में जगह बना पाई हैं, जबकि रेणुका सिंह पीठ दर्द के चलते बाहर हैं और बंगलुरू में इलाज करवा रही हैं। एचपीसीए सचिव अवनीश परमार ने कहा कि हरलीन का हाई परफॉर्मेंस कैंप के लिए चयन हुआ है। इसके बाद वह भारतीय टीम के साथ इंग्लैंड दौरे पर भी जाएगी।