कृषि मंत्री ने जवाली में जनसमस्याएं सुनते हुए।
किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए किया जा रहा काम
जवाली (कांगड़ा)। कृषि एवं पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपनी पांच गारंटियां महज दो साल से कम कार्यकाल में पूरी की हैं। बाकी गारंटियों को भी चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। मंगलवार को क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को सुनने के बाद उन्होंने कहा कि किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार पहली बार प्राकृतिक खेती से तैयार गेहूं को न्यूनतम समर्थन मूल्य 40 रुपये प्रति किलो जबकि मक्की को 30 रुपये प्रति किलो की दर से खरीद रही है।
बच्चों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने को पहली कक्षा से इंग्लिश मीडियम शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि नगरोटा सूरियां क्षेत्र के गज खड्ड पर 87 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण किया जाएगा और इसके लिए धन का प्रावधान कर लिया गया है। इस पुल के निर्माण से नगरोटा सूरियां से जवाली की दूरी महज 20 मिनट में तय की जा सकेगी।