धर्मशाला। प्रदेश सरकार के 2024-25 सत्र के बजट से लोगों को जिले में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उम्मीद है। लोगों ने अपने नजदीकी अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन, ब्लड बैंक सहित अन्य सुविधाएं मुहैया करवाने की मांग इस बजट में की है। लोगों ने बजट से उम्मीद जताई है कि अगर उन्हें घरद्वार अस्पतालों में बेहतर सुविधाएं मिल जाएं तो उन्हें निजी अस्पतालों या टांडा मेडिकल कॉलेज के चक्कर काटने से छुटकारा मिल जाएगा। लोगों ने उम्मीद जताई है कि सरकार इस बजट में स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान देगी।
- सिविल अस्पताल नूरपुर में अल्ट्रासाउंड की सुविधा लोगों को मिलनी चाहिए। मरीजों को टांडा या मजबूरन निजी अस्पतालों में जाना पड़ता है। ब्लड बैंक के लिए लोगों को टांडा या पठानकोट भटकना पड़ता है। सरकार को यह सुविधाएं इस बजट में यहां उपलब्ध करवानी चाहिए। -पंचम पुरी, नूरपुर।
- नूरपुर अस्पताल में पर्ची काउंटर के साथ ही उपलब्ध कमरों में डॉक्टरों को बैठाया जाए, ताकि वृद्ध लोगों को डॉक्टर के लिए दाएं बाएं न भटकना पड़े। लंबे समय से बंद पड़ी लिफ्ट को ठीक करने का प्रावधान किया जाए।- अनु शर्मा, जाच्छ।
- उपमंडलीय चिकित्सालय बैजनाथ में पिछले 20 वर्षों से अल्ट्रासाउंड की सुविधा मरीजों को नहीं मिल पा रही है। ऑपरेशन थियेटर की कमी के चलते बड़े ऑपरेशन संभव नहीं हो पाते हैं। आगामी बजट में उम्मीद है कि सरकार इस और ध्यान देगी। - अमित कपूर, बैजनाथ।
- बैजनाथ अस्पताल के अलावा पपरोला में एकमात्र राजीव गांधी आयुर्वेदिक स्नातकोत्तर शिक्षण संस्थान में अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध नहीं है। बैजनाथ अस्पताल में पिछले दो माह से एक्स-रे की सुविधा भी मरीजों को नहीं मिल पा रही है। सरकार बजट में इस ओर ध्यान दे। - अनुज आचार्य, बैजनाथ।
- बैजनाथ अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ मौजूद है, लेकिन ऑपरेशन थियेटर और अन्य सुविधाओं की कमी के चलते प्रसूता होने वाली महिलाओं को अधिकांश मौकाें पर रेफर ही किया जाता है। उन्होंने उम्मीद जाहिर की है कि इस बड़े अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर और अन्य आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता की स्थापना पर सरकार विशेष ध्यान देगी। -रुचि कपूर, बैजनाथ।
- ज्वालामुखी नागरिक अस्पताल में मूलभूत सुविधाओं की कमी है। यहां पर अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध नहीं है। सरकार बजट में इस अस्पताल में मूलभूत सुविधाओं को उपलब्ध करवाए और यहां अल्ट्रासाउंड व एक्सरे की सुविधा तुरंत शुरू की जाए। मानव शर्मा, ज्वालामुखी।
ज्वालामुखी अस्पताल में देर रात्रि कम डॉक्टर ही उपलब्ध रहते हैं और जरूरी दवाइयां और इंजेक्शन नहीं मिलते। इसलिए सरकार बजट में प्रावधान करे और ज्वालामुखी अस्पताल में रात्रि के लिए बिशेष मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध करवाए। - परीक्षित शर्मा, ज्वालामुखी।