देहरा में मछुआरा सम्मान निधि वितरण समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू को सम्मानित करते हु
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार देहरा की तस्वीर और तकदीर बदलने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, रोजगार और मछुआरा समुदाय से जुड़े विकास कार्यों को और गति दी जाएगी। मुख्यमंत्री रविवार को देहरा में आयोजित मुख्यमंत्री मछुआरा सम्मान निधि वितरण एवं मछुआरा सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार देहरा को विकास के एक नए मॉडल के रूप में स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि सुबह चार बजे उठकर हाड़-तोड़ मेहनत करने वाले मछली उत्पादकों से पहले 15 प्रतिशत रॉयल्टी ली जाती थी, यानी 100 रुपये की बिक्री पर 15 रुपये सरकारी खजाने में देने पड़ते थे। मछुआरों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए इस रॉयल्टी को घटाकर केवल एक प्रतिशत कर दिया गया है।
इसके अलावा मछली उत्पादन बंद रहने के दो महीनों के दौरान आजीविका के संकट से उबारने के लिए करीब 800 परिवारों के बैंक खातों में 3500-3500 रुपये की सम्मान निधि डीबीटी के माध्यम से भेजी जा रही है। मुख्यमंत्री ने विस्थापितों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए कहा कि नियमों में जरूरी बदलाव कर पात्र परिवारों को घर बनाने के लिए जमीन उपलब्ध करवाई जा रही है।
इससे पूर्व देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए उनका आभार जताया। इस अवसर पर राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं फतेहपुर के विधायक भवानी सिंह पठानिया, ज्वालामुखी के विधायक संजय रतन, पूर्व विधायक योगराज, चौधरी दिलीप सिंह, एससी आयोग के चेयरमैन कुलदीप कुमार और एचआरटीसी के वाइस चेयरमैन अजय वर्मा सहित कई गणमान्य मौजूद रहे।