धर्मशाला। जिला मुख्यालय धर्मशाला स्थित बिजली बोर्ड कार्यालय के पास पालमपुर रोड पर सुबह 10 बजे के करीब नगरोटा बगवां से धर्मशाला बस अड्डे की ओर से आ रही बस खराब हो गई। सड़क के बीच बस खड़ी होने से वहां पर करीब एक घंटा जाम लगा रहा। बिजली बोर्ड कार्यालय से लेकर कैंची मोड़ तक वाहन जाम में फंसे रहे। इससे वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी। सबसे अधिक परेशानी कामकाज पर निकलने वाले कर्मचारियों को हुई। जाम के चलते ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारियों ने मोर्चा संभाला और वाहनों को जाम से निकाला।
नगरोटा बगवां डिपो की बस सुबह नगरोटा से धर्मशाला आ रही थी कि बिजली बोर्ड कार्यालय के पास बस का गियर फंस गया, जिस कारण बस को सड़क के बीच ही खड़ा करना पड़ा। ऐसे में एक तरफ की सड़क पूरी तरह से बंद हो गई। दोनों तरफ जाने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। खासकर बसों को वहां से पास लेने में काफी परेशानी झेलनी पड़ी। इस वजह से बसों में बैठी सवारियों के अलावा अन्य चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई। करीब 11 बजे बस के गियर को ठीक कर बस को वहां से हटाकर बस अड्डा पहुंचाया गया।
करीब दो सप्ताह पहले भी धर्मशाला-पालमपुर मार्ग पर कैंची मोड़ पर एचआरटीसी की बस खड़ी हो गई थी, जिसे करीब पांच दिन बाद दुरुस्त कर वहां से हटाया गया था। इतना ही नहीं कई रूटों पर ऐसी बसों को भेजा जा रहा है, जिनके फ्रंट शीशे टूटे हैं। इंडिकेटर सहित ब्रेक लाइटें तक काम नहीं करते हैं। कई बसों के टायर तक गंजे हो गए हैं। इस तरह की लापरवाही के कारण यात्रियों की जान को भी जोखिम में डाला जा रहा है।
नगरोटा बगवां डिपो में आरएम का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे आरएम धर्मशाला साहिल कपूर ने बताया कि बस का गियर फंस गया था, जिस कारण बस को बीच सड़क पर रोकना पड़ा। कुछ समय बाद उसे दुरुस्त कर वहां से हटा दिया गया था।