वार्डबंदी कार्य के साथ पंचायतों और गांवों के भवनों का बनाया जा रहा रिकॉर्ड
सिटीजन सेवा पोर्टल पर अपलोड होगा डाटा, सार्वजनिक समारोह के लिए कर सकेंगे इस्तेमाल
नगर निगम हमीरपुर के अधीन 14 पंचायतों के साथ शामिल हुए हैं 94 गांव
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। नगर निगम हमीरपुर में शामिल पंचायतों और गांवों के सरकारी भवनों में सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। निगम ने वार्डबंदी कार्य के साथ पंचायतों और गांवों के भवनों का डाटा तैयार कर लिया है।
निगम के अधीन 14 पंचायतों के साथ 94 गांवों के भवनों का प्रयोग बैठकों, सार्वजनिक समारोहों सहित अन्य कार्यों के लिए किया जाएगा। निगम की ओर से प्रथम चरण में पंचायतों और गांवों में स्थापित भवनों को क्षमता अनुसार विभाजित किया जाएगा। इसके उपरांत भवनों में आवश्यक मरम्मत के साथ सौदर्यींकरण कार्य किया जाएगा। सौदर्यींकरण कार्य पूर्ण होने के बाद भवनों को निगम के सिटीजन सेवा पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। ऑनलाइन पोर्टल पर जानकारी उपलब्ध होने से लोग घर बैठकर भवनों के प्रयोग को लेकर आवेदन कर सकेंगे।
वर्तमान में नगर निगम की ओर से 14 ग्राम पंचायतों के 94 गांवों को मिलाकर 15 वार्ड बनाए जा रहे हैं। इन वार्डों में निगम की सभी सुविधाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। सुविधाओं के साथ वार्डों में भवनों और सरकारी संपत्ति का डाटा ऑनलाइन सिटीजन पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है। इससे अब लोगों को नगर निगम की सभी सुविधाओं का घर बैठे लाभ मिलेगा। बीते सात माह से नगर निगम के अधीन आने वाले 11 वार्डों और 94 गांवों और 14 पंचायतों में विकास कार्य प्रभावित हो रहे थे, लेकिन वार्डबंदी सहित भवनों को लेकर कार्य शुरू होने से लोगों को सुविधा मिलेगी।
कोट
नगर निगम हमीरपुर ने वार्डबंदी का कार्य पहले ही शुरू कर दिया है। नगर में शामिल 94 गांवों और 14 पंचायतों के सरकारी भवनों को सार्वजनिक समारोहों के लिए प्रयोग किया जाएगा। डाटा तैयार कर लिया गया है। वार्डबंदी कार्य पूर्ण होने के बाद कार्य शुरू होगा।
-अभिषेक कुमार गर्ग, आयुक्त, नगर निगम, हमीरपुर