बैजनाथ (कांगड़ा)। बैजनाथ पपरोला में सामान की लोडिंग-अनलोडिंग को लेकर एसडीएम देवी सिंह ठाकुर ने निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बैजनाथ पपरोला में रात आठ बजे से सुबह आठ बजे तक लोडिंग-अनलोडिंग का समय रहेगा। अति शीघ्र दोनों व्यापार मंडलों बैजनाथ और पपरोला के साथ बैठक करके लोडिंग-अनलोडिंग के स्थान निर्धारित किए जाएंगे। वह मंगलवार को प्रशासन-मीडिया संवाद कार्यक्रम में बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जहां पर अवैध खनन हो रहा है उसे पर पूर्णतया लगाम लगाई जाएगी। कूड़े का निष्पादन करना एक बहुत बड़ी समस्या है। इस मुद्दे पर नगर पंचायत सचिव ने कहा कि एक महीने के अंदर नया कूड़ा निष्पादन केंद्र पूरी तरह काम करना आरंभ कर देगा। जिसे काफी हद तक समस्या का हल हो जाएगा।
बैठक में सुझाव दिया कि एक समाज सेवी संस्था का गठन किया जाए जो आम जनमानस के सहयोग से इन लावारिस पशुओं का रखरखाव अच्छे ढंग से कर सके। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया रेस्ट हाउस बैजनाथ और इसके आसपास जो गाड़ियां खड़ी रहती हैं, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, डीएसपी अनिल शर्मा ने सभी लोगों से निवेदन किया कि जो भी अनजान व्यक्ति किसी के घर में रह रहा है उसका पंजीकरण पुलिस थाना में जरूर करवाएं। नगर पंचायत सचिव आदित्य चौहान ने सभी लोगों को आगाह करते हुए कहा कि जिन लोगों ने अपने मकान या दुकानों में डाउन पाइप नहीं लगाए हैं, वह 15 दिन के भीतर भीतर लगा लें, नहीं तो कार्रवाई की जाएगी। अति शीघ्र दोनों व्यापार मंडलों बैजनाथ और पपरोला के साथ बैठक करके लोडिंग अनलोडिंग का समय तथा स्थान निर्धारित किए जाएंगे।