धर्मशाला। जिले में परिवहन सुविधा को मजबूत करने के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने टेंपो ट्रैवलर के नए रूट का प्रस्ताव तैयार कर मंजूरी के लिए भेजा है। यह सेवा धर्मशाला से गगल से पेहग-सहौड़ा होते हुए कांगड़ा के लिए संचालित की जाएगी। रूट 30 किलोमीटर लंबा होगा।
यदि रूट को मंजूरी मिलती है तो क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले हजारों लोगों को इसका लाभ मिलेगी। मौजूदा समय में इन गांवों के लोगों को आवागमन के लिए निजी वाहनों या फिर लंबी दूरी पैदल ही तय करनी पड़ती है। इससे समय और पैसे दोनों की अधिक खपत होती है।
एचआरटीसी ने हाल ही में ग्रामीण क्षेत्रों में बस सेवाएं बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जिससे दूरदराज के क्षेत्रों को मुख्य शहरों से जोड़ा जा सके। नए प्रस्तावित रूट के शुरू होने से विद्यार्थियों, कर्मचारियों और मरीजों को खास लाभ मिलेगा। साथ ही स्थानीय लोगों को बेहतर और सस्ती परिवहन सुविधा उपलब्ध होने से क्षेत्र के सामाजिक व आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
इस मामले को आरटीओ धर्मशाला को भेजा है। वहां से मंजूरी मिलने के बाद सरकार को भेजा जाएगा। उसके बाद ही रूट को अंतिम निर्णय स्वीकृति मिलेगी। इसकी समयसारिणी मंजूरी के बाद तय की जाएगी। -साहिल कपूर, क्षेत्रीय प्रबंधक, धर्मशाला
धर्मशाला, गगल वाया पेहग-सहौड़ा कांगड़ा रूट पर निगम की ओर से टेंपो ट्रैवलर चलाने की योजना है। इसकी मंजूरी के लिए दस्तावेज भेजे हैं। मंजूरी मिलते ही पंचायत चुनावों के बाद इसे चला दिया जाएगा। -अजय वर्मा, उपाध्यक्ष एचआरटीसी।