कांगड़ा। पुलिस थाना कांगड़ा के तहत सराफा बाजार में एक महिला सुनार की दुकान से आठ ग्राम की सोने के झुमके लेकर फरार हो गई। दुकान मालिक प्रवेश परवान ने बताया कि वीरवार दोपहर एक महिला दुकान पर आई। वह पहले सोने की अंगुठी फिर टॉप्स, लॉकेट और कान के झुमके देखने लगी। उसकी गतिविधियों पर जब शक हुआ तो उसके पर्स से दो सोने की अंगुठियां और दो लॉकेट पाए गए। पहले तो शातिर महिला कोई भी आभूषण यहां से न उठाने की बात करती रही, लेकिन सीसीटीवी कैमरे की फुटेज दिखाने पर उसने पर्स से दो सोने की अंगुठियां और लॉकेट निकाल कर रख दिए। महिला अपने आप को गगल की निवासी बता रही थी। प्रवेश ने आरोप लगाया कि जब बाद में स्टाक चेक किया तो दुकान से आठ ग्राम वजन की दो सोने के झुमके गायब पाए गए। उन्होंने पुलिस में इस मामले की शिकायत दर्ज करवा दी है। साथ ही सीसीटीवी की फुटेज पुलिस को सौंप दी है। पुलिस थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि दुकानदार की शिकायत पर जांच की जा रही है।